ब्युरो रिपोर्ट--
बाराबंकी । संभल की घटना योगी सरकार के माथे पर बदनुमा दाग है। इस दुर्भाग्यपूर्णं घटना से साबित हो गया है कि, प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और उत्तर प्रदेश सरकार आम जनता विशेषकर कमजोर वर्गों की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। इस सरकार में बैठे लोगों ने इस घटना को अंजाम देने का काम किया है। जब एक बार सर्वे हो चुका था तो दोबारा सर्वे की क्या जरूरत थी। विगत लोकसभा के चुनाव में राहुल की अगुवाई में जो इण्डिया गठबन्धन की विजय मुहिम की शुरूआत हुई थी उससे भाजपा को एहसास हुआ कि, अब हमारा खेल खत्म हुआ इसलिए संभल जैसी सुनियोजित घटना का अंजाम भाजपा के लोग कर रहे है। प्रदेश की आवाम को ऐसी ताकतों से अलग हो जाना चाहिए।
उक्त प्रक्रिया पूर्व सांसद डा0 पी0एल0 पुनिया ने आज अपने ओबरी आवास पर सम्भल जैसी दुर्भाग्यपूर्णं घटना पर आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से रूबरू होते हुये व्यक्त की। पत्रकार वार्ता में सांसद पुनिया के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन नगर अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा फोटो वाला व पार्टी प्रवक्ता सरजू शर्मा मुख्य रूप से मौजूद थे।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुये पूर्व सांसद पुनिया ने कहा कि, भारत देश विभिन्न जाती धर्म और सम्प्रदायों का देश है। और यहां का संविधान सबको बराबरी का अधिकार देता है लेकिन भाजपा के जन-प्रतिनिधि शपथ लेकर कि सब के साथ बिना भेद-भाव के न्याय और विकास करेंगे अपनी शपथ का अपमान कर रहे है। जिस देश के प्रधानमंत्री का नारा एक हैं तो सेफ हैं और जिस प्रदेश के मुख्यमंत्री का नारा बटोगे तो कटोगे हो तो, उस देश और प्रदेश में आम जनता के साथ न्याय कैसे होगा। भाजपा कहती है कि, बाबा साहब के संविधान से देश चलेगा लेकिन हकीकत में भाजपा की कार्यशैली संविधान के खिलॉफ है संविधान के सबसे बड़े दुश्मन भाजपाई है। ये संविधान बदलने की चाल में काफी हद तक कामयाबी हासिल कर चुकें हैं। संविधान में आरक्षण व्यवस्था है और भाजपाई कहते हैं कि, आरक्षण को नहीं खत्म करेंगे लेकिन सरकारी उपक्रमों में जहां आरक्षण की व्यवस्था लागू है जब उसे ही प्राइवेट सेक्टर को दे देंगे तो आरक्षण स्वतः खत्म हो जायेगा। ऐसे ही कई मामले करके भाजपा संविधान को खोखला करने का काम कर रही है।
पूर्व सांसद पुनिया ने कहा कि, भाजपा सरकार में बैठे लोगों का एजेंडा है कि, समाज को टुकड़ों में बांट दें इसलिए वो तरह तरह के हथकण्डे कर रही है। संभल की दुर्भाग्यपूर्णं घटना भी राज्य सरकार के इशारे पर प्रदेश में हुये उपचुनाव में भाजपा के हथकण्डों की चर्चा न हो इसलिए कराई गयी एक सुनियोजित साजिश है। सरकार में बैठे लोग समस्या पैदा कर रहे हैं। ऐसे नाजुक समय में कांग्रेस पार्टी शोषित और पीड़ित परिवारों के साथ है। और अपनी पूरी कोशिश से संविधान की रक्षा करते हुये समाज को बांटने का काम करने वाली हर ताकत से डट कर मुकाबला करने के लिये हमेशा सजग और तत्पर्य रहेगी।