ब्युरो रिपोर्ट-
बाराबंकी। देवा मेला अपनी अनेक विशेषताओं के साथ अपने सांस्कृतिक मंच पर होने वाली देश के प्रसिद्ध कलाकारों, फनकारों के प्रतिभा प्रदर्शन के लिए भी जाना जाता है। उन सभी कलाकारों को खूबसूरत अल्फ़ाज़ों के साथ बेहतरीन अंदाज़ में मंच तक लाने में मंच संचालक आशीष पाठक ने अपना एक अलग स्थान बना लिया है। अपनी खूबसूरत आवाज़ और अंदाज़ से दर्शकों को कार्यक्रम में बांधे रखने का हुनर आशीष पाठक अपनी एंकरिंग से बख़ूबी करते हैं। बीते 13 वर्षो से देवा के मंच पर साहित्यिक शैली से एंकरिंग करते हुए दर्शकों, श्रोताओं के दिल में स्थान बनाने वाले आशीष पाठक की विशेषता सधे हुए शब्दों के साथ मौके की नजाकत के अनुसार बोले जाने वाले शेर, मुक्तक, छन्द, कविताएं हैं। हिन्दी और उर्दू दोनो भाषाओं में मंच पर किसी भी कार्यक्रम का संचालन करके आशीष दर्शकों की खूब तालियां लूट रहे हैं। रूप कुमार राठौर, अल्ताफ राजा, जावेद अली, पद्मश्री पीनाज़ मसानी, चंदन दास, भरत शर्मा, विनोद राठौड़, शब्बीर कुमार, मोहम्मद अज़ीज़, निज़ामी बन्धु, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, स्वराग बैंड जैसे नामचीन कलाकारों के लिए एंकरिंग करने वाले आशीष पाठक मूलतः भौतिक विज्ञान विषय के प्रवक्ता हैं। देवा मेला के अतिरिक्त महादेवा महोत्सव, जिले के अन्य सभी बड़े कार्यक्रमों में मंच संचालन का जिम्मा संभालने वाले श्री पाठक जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक का भी दायित्व निभाते हुए विज्ञान के प्रसार के लिए कार्य कर रहे हैं। लोकसभा, विधानसभा, पंचायत तथा नगरीय निकाय के सभी चुनाओं में कार्मिकों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्रदान करने का दायित्व भी आशीष पाठक कई वर्षों से कुशलता पूर्वक निभा रहे हैं। दूरदर्शन तथा आकाशवाणी से भौतिक विज्ञान विषय पर आशीष पाठक के कई कार्यक्रम प्रसारित हो चुके हैं। बहुमुखी प्रतिभा सम्पन्न आशीष पाठक को अपनी इन सभी उपलब्धियों के लिए पूर्व जिलाधिकारी श्री योगेश्वर राम मिश्रा, श्रीमती रोशन जैकब, श्री अखिलेश तिवारी, श्री उदयभानु त्रिपाठी, डॉ आदर्श सिंह आदि के द्वारा अनेक प्रशस्ति पत्र एवम सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।