ब्युरो रिपोर्ट-
बाराबंकी जिले में नगर कोतवाली पुलिस ने चार अंतर्जनपदीय महिला शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह शातिर महिला चोर भीड़भाड़ व अन्य स्थानों पर महिलाओं के आभूषण और अन्य सामानों की चोरी करती थी। एक पीड़ित महिला की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए इस महिला चोर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन महिला चोर गैंग के पास से पुलिस ने एक सोने की चेन बरामद की है, जो इन्होंने एक महिला के गले से छीनी ली थी। पुलिस ने चारों महिला चोरों को जेल भेज दिया है।
बता दें कि नगर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली प्रीति वर्मा ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि वह बाराबंकी बस अड्डे से ई रिक्शा से अपने घर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में चार महिलाएं एक साथ ई रिक्शा पर सवार हो गई। कुछ दूर चलने के बाद इन महिलाओं ने प्रीति वर्मा पर अपना पल्लू डाल दिया और उसकी सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर चारों महिलाओं ने उसका पर्स भी छीना, इसी दौरान महिलाओं में विवाद होता देख ई रिक्शा चालक ने रिक्शा रोक दिया। ई-रिक्शा रुकते ही चारों महिलाएं उतारकर भीड़ का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों महिला चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई तीन महिलाएं संतकबीरनगर जिले की हैं, वहीं एक महिला गोरखपुर की रहने वाली है। पुलिस ने इनके पास से एक प्रीति वर्मा की छीनी गई सोने की चेन बरामद करते हुए चारों को जेल भेज दिया है।