बाराबंकी जिले के टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र के चिर्रा गांव में ज़मीन पर कब्जे को लेकर चल रहे लंबे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दबंग विपक्षियों ने महिलाओं पर ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि चिर्रा गांव में दो पक्षों के बीच आबादी की भूमि पर कब्ज़ेदारी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पर एक पक्ष ने दबंगई के बल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया, जिसके विरोध में यह यह विवाद हुआ।
आरोप है कि एक पक्ष के दबंगों ने महिलाओं पर जमकर ईंट और पत्थर बरसाए। इस दौरान मारपीट भी हुई। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिलाएं मदद की गुहार लगा रही हैं। घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। दो दिन पुरानी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, लेकिन इसे शांत कराने के लिए प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र में एक ही परिवार के दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।