बाराबंकी जिले में विवेचना के लिए दूसरे थाने गए एक दरोगा की अचानक तबियत बिगड़ गई। दरोगा को गंभीर हालत में इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दरोगा की मौत हो गई। अचानक हुई मौत से दरोगा के परिवार में कोहराम मच गया। सोमवार को दरोगा के शव को बाराबंकी के परेड ग्राउंड में रखा गया। बाराबंकी एसपी समेत पुलिसकर्मियों ने दरोगा विजय कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि दी, वहीं यूपी पुलिस ने भी ट्वीट करते हुए दरोगा विजय कुमार के निधन पर पुलिस परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए दुःख प्रकट किया है।
बता दें कि उपनिरीक्षक विजय कुमार मूल रूप से गोरखपुर जनपद के रहने वाले थे। वर्ष 1991 में वह पुलिस में भर्ती हुए थे। उपनिरीक्षक विजय कुमार की 2015 में पदोन्नति हुई थी। बीते एक साल से विजय कुमार बाराबंकी जिले के कुर्सी थाने पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को विजय कुमार कुर्सी थाने से विवेचना के लिए बाराबंकी के ही कोठी थाने क्षेत्र में गए हुए थे। जहां पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते विजय कुमार की तबीयत काफी गंभीर हो गई। विजय कुमार के साथ मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें इलाज के लिए लखनऊ जनपद के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर विजय कुमार का दो दिन से इलाज चल रहा था। सोमवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। विजय कुमार की मौत पर परिवार में कोहरा मचा हुआ है।
सोमवार को विजय कुमार के पार्थिव शरीर को बाराबंकी के रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउण्ड में रखा गया। बाराबंकी पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने उप निरीक्षक विजय कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर दिवगंत आत्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। वहीं यूपी पुलिस ने भी एक्स पर विजय कुमार के निधन पर पुलिस परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए दुःख प्रकट किया है। यूपी पुलिस ने एक्स पर लिखा "वर्ष 1991 में आरक्षी पद पर भर्ती एवं वर्तमान में जनपद बाराबंकी में तैनात उप निरीक्षक स्व. विजय कुमार के दुःखद निधन पर उ.प्र.पुलिस परिवार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि।दिवंगत उप निरीक्षक को सद्गति व उनके परिजनों ,प्रियजनों के संबल हेतु हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।