नवाबगंज बाराबंकी। आज बाराबंकी के गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, लाजपत नगर में सिख समुदाय, महिलाओं और बच्चों ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने अरदास कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिख समुदाय ने डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने नेतृत्व और आर्थिक सुधारों से भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। श्रद्धांजलि देने वालों में सरदार चरनजीत सिंह, सरदार प्रेमपाल सिंह, सरदार मनमीत सिंह, सरदार राजदीप सिंह, सरदार रणबीर सिंह, सरदार अमरजीत सिंह, ज्ञानी सरदार तीरथ सिंह, रंजीत कौर, डिंपल कौर, धर्मवीर सिंह, रंजीत सिंह, और सरदार अमरीक सिंह शामिल थे।
बता दें कि डॉ. मनमोहन सिंह भारत के प्रखर अर्थशास्त्री और कुशल प्रशासक थे। 1991 में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने वैश्वीकरण और उदारीकरण की शुरुआत की, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दी। इसके बाद 2004 से 2014 तक वह देश के प्रधानमंत्री रहे। गुरुवार रात 8 बजे अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया, जहां रात 9:51 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर के बाद केंद्र सरकार ने सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया। इसके बाद शुक्रवार को प्रदेश की योगी सरकार ने भी सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर सिख समुदाय ने बाराबंकी में अरदास कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके अतुलनीय योगदान को नमन किया।